
The Jan Sabha
द जनसभा | हजारीबाग | गणेश प्रसाद
हजारीबाग जिले के केरेडारी क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने अपनी मौजूदगी का एहसास कराकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। चट्टी बारियातू कोल माइंस में एमडीओ के रूप में कार्यरत ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर बीती रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास का इलाका दहल उठा। गोलियों की आवाज से स्थानीय लोगों और कंपनी से जुड़े कर्मचारियों में भय का माहौल पैदा हो गया। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कोयला खनन परियोजनाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आधी रात को गोलियों की गूंज, मुख्य गेट बना निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पगार ओपी थाना क्षेत्र में स्थित ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर बीती रात अज्ञात अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपराधियों ने कंपनी के मेन गेट को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद जब पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो वहां से तीन खोखा बरामद किए गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कथित धमकी भरा पत्
सोशल मीडिया पर एक कथित पत्र तेजी से वायरल हो रहा है। इस पत्र में ‘RAHUL DUBEY GANG’ के नाम से गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पत्र के शीर्ष पर गैंग का नाम और ‘हर हर महादेव’ लिखा हुआ बताया जा रहा है। वायरल पत्र में कंपनी से जुड़े कुछ लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए कथित तौर पर सेटलमेंट को लेकर धमकी भरी बातें लिखी गई हैं। इतना ही नहीं, पत्र में भविष्य में और बड़ी घटना को अंजाम देने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आ रही है।
राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम का उल्लेख
वायरल हो रहे कथित पत्र के नीचे राहुल दुबे के साथ अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम भी लिखे होने की जानकारी सामने आई है। पत्र के सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पत्र की प्रामाणिकता को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि पत्र वास्तव में किसी संगठित आपराधिक गिरोह की ओर से जारी किया गया है या किसी ने शरारत अथवा भ्रम फैलाने के उद्देश्य से इसे वायरल किया है।
कोयला कारोबार में फिर दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर हुई गोलीबारी ने क्षेत्र में संचालित कोयला खनन परियोजनाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। औद्योगिक गतिविधियों और कोयला कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों के आसपास इस तरह की फायरिंग होना निश्चित रूप से गंभीर मामला है। घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और कारोबार से जुड़े लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अपराधियों ने कंपनी के मुख्य गेट पर गोलीबारी कर किस तरह का संदेश देने की कोशिश की? क्या यह कथित सेटलमेंट विवाद से जुड़ा मामला है या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक साजिश है? इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
मौके पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से बरामद तीन खोखों को जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल कथित जिम्मेदारी पत्र की भी सत्यता जांची जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधी कौन थे, उनका मकसद क्या था?
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
